अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
तिरपाल काटकर ट्रकों से माल उड़ाता था गिरोह, स्कॉर्पियो-अर्टिगा से करते थे रेकी; दो तमंचे, कारतूस, शराब, सरसों का तेल और इन्वर्टर भी बरामद
सुलतानपुर, 14 अक्टूबर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर तिरपाल और रस्से काटने के बाद माल पार करने वाले कथित शातिर गिरोह का कूरेभार पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1,07,400 रुपये नकद, चोरी का सामान, दो अवैध तमंचे, चार कारतूस, एक चाकू और वारदात में इस्तेमाल दो चारपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के तार धनपतगंज और गोसाईगंज थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से भी जुड़े हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह और क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई 14 अक्टूबर को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर सेउर गांव के दक्षिण जाने वाले अंडरपास के नीचे की गई।
रात में सोते चालक बनते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी स्कॉर्पियो और अर्टिगा से हाईवे पर घूमते थे। ट्रक चालकों के वाहन किनारे खड़ा कर सो जाने पर गिरोह के सदस्य तिरपाल और रस्सियां काटकर उसमें लदा सामान चोरी कर लेते थे। इसी तरीके से 3 अगस्त की रात कूरेभार क्षेत्र में किलोमीटर 123.2 के पास खड़े ट्रक से सरसों के तेल की खेप चोरी हुई थी। मामले में 4 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था।
तेल से लेकर शराब और बैटरी तक बरामद
बरामद सामान में 115 लीटर सरसों का तेल, चार इन्वर्टर, ई-रिक्शा की चार बैटरियां, दूध पाउडर के 72 पैकेट, सजावटी झालरों के 10 कार्टून, अंग्रेजी शराब की 228 बोतलें/शीशियां, देशी शराब के 315 पाउच/बोतल और गेहूं के बीज की 18 बोरियां शामिल हैं। पुलिस ने काली महिंद्रा स्कॉर्पियो और सफेद अर्टिगा भी कब्जे में ली है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कूरेभार थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी शिवानंद यादव समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य

शामिल रहे।