अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
आयुक्त राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन बर्मा ने परखी तैयारियां, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक और अफवाहों तक पर सख्त निगरानी के निर्देश
सुल्तानपुर के ऐतिहासिक दुर्गापूजा, दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया है। नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं। सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर कराएं। पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा, निर्बाध विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम और निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
डीआईजी सोमेन बर्मा ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, आयोजकों और शांति समितियों से लगातार संवाद बनाए रखने तथा अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। भीड़ के दबाव को देखते हुए बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था करने को कहा गया।
प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, रोशनी, गोताखोरों, नावों और बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रमुख स्थलों पर एंबुलेंस, चिकित्सा दल, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था के साथ सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी रखने तथा भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने पर जोर दिया गया। बैठक में एडीएम राकेश सिंह, रत्नप्रिया, एसडीएम, सीओ और संबंधित विभागों के अधिकारी
मौजूद रहे।