अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़, सुलतानपुर
अध्यक्ष और महासचिव पद पर कड़ा मुकाबला, छह बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान;गुरुवार सुबह 10 बजे से मतगणना, 16 अक्टूबर को घोषित होंगे नतीजे
सुलतानपुर। जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए बुधवार को खुर्शीद क्लब स्थित पं. अटल बिहारी वाजपेयी अधिवक्ता सभागार में गहमागहमी के बीच मतदान संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चले मतदान में कुल 2,080 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,771 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष, महासचिव समेत विभिन्न पदों के 63 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है। गुरुवार, 15 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी, जबकि 16 अक्टूबर को साधारण सभा की बैठक में विजयी प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे।
प्रत्याशियों ने आखिरी वक्त तक झोंकी ताकत
मतदान के दौरान युवा से लेकर वरिष्ठ अधिवक्ताओं तक में खासा उत्साह दिखाई दिया। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए दिनभर जुटे रहे। डीजीसी क्रिमिनल पवन दुबे, पूर्व डीजीसी क्रिमिनल एमपी त्रिपाठी, राम अचल मिश्र, वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा, रवि शुक्ल, विक्रम सिंह, मो.अनीस खान, शेख नज़र अहमद, सरवरे आलम,अशोक सिंह बिसेन, जुनैद आलम खान समेत कई अधिवक्ताओं ने मतदान किया।
अध्यक्ष पद पर 17, महासचिव के लिए 13 दावेदार
बार अध्यक्ष पद के लिए अखिलेश शुक्ल, शारदा प्रसाद मिश्र, बद्री प्रसाद पांडेय और सभाजीत सिंह समेत 17 प्रत्याशी मैदान में हैं। महासचिव पद पर रोहित अवस्थी, जयंत मिश्र, सूर्यनाथ यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, मदन तिवारी और रवि प्रकाश पांडेय समेत 13 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। अन्य पदों पर भी मुकाबला हुआ। हाईकोर्ट के निर्देश के अनुपालन में कई पदों पर महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई थी। ट्रेजरार पद पर शशि सिंह और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के पद पर सरोज सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं।
सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान
मतदान के लिए छह बूथ बनाए गए थे। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दुबे ने शांतिपूर्ण मतदान की पुष्टि की। केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, एसडीएम सदर गरिमा सौनकिया, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह समेत अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अब सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणा

म पर टिकी हैं।