अफ़्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
डीएम बोले-गंगा दशहरा मेला, सार्वजनिक कुर्बानी स्थलों और जुलूस मार्गों का अधिकारी करें निरीक्षण
डीएम इंद्रजीत सिंह और एसपी चारू निगम की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी गंगा दशहरा मेला और ईदु-उल-अजहा (बकरीद) त्योहारों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीस कमेटी के सदस्यों द्वारा चिन्हित किए गए बिंदुओं पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसपी ने सभी संबंधित एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मेला स्थलों, सार्वजनिक कुर्बानी स्थलों और जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करें। साथ ही, निरोधात्मक कार्रवाई भी समय पर पूरी की जाए। उन्होंने सदस्यों से अपील की कि वे भ्रामक खबरों और अफवाहों से बचें। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बैठक के अंत में डीएम इंद्रजीत सिंह ने पीस कमेटी के सदस्यों और अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी आधारभूत सुविधाओं से संबंधित बिंदुओं को चिन्हित किया गया है। डीएम ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि चिन्हित बिंदुओं पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, चिकित्सकीय सहायता और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित एसडीएम और सीओ को गंगा दशहरा मेला, सार्वजनिक कुर्बानी स्थलों और जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए।
इसमें अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे
अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) रत्नप्रिया द्वारा आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत थानावार, तहसीलवार पीस कमेटी की बैठक की अद्यतन स्थिति तथा समस्त आधारभूत सुविधाओं जैसे- साफ सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था, मेडिकल सहायता एवं लॉ एण्ड आर्डर आदि के दृष्टिगत विस्तृत चर्चा की गयी।
मीटिंग के दौरान चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल, सीएमओ डॉ भारत भूषण, ईओ लाल चन्द्र सरोज, मौलाना मोहम्मद उस्मान खान, मौलाना कसीम कासमी, मौलाना मोहतरुस्सलाम, जिला सुरक्षा संगठन के महासचिव एवं व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री हाजी मोहम्मद इलियास खान, मुख्य संयोजक सरदार बलदेव सिंह, मीडिया प्रभारी अफ्तार अहमद, अपराध निरोधक समिति के अध्यक्ष अमर बहादुर सिंह, अलीमुद्दीन, बालगोविंद मौर्य, एम एच खान अलगौरी, हैदर अब्बास, अजादार हुसैन, सईद अहमद, एजाज़ अहमद समेत कई पीस कमेटी 



के पदाधिकारी मौजूद रहे