अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर; कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
सुल्तानपुर।आगामी 21 जून रविवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने तथा अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ विनम्र और शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या भ्रामक सूचना को गंभीरता से लिया जाए और तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामंत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सुलतानपुर पुलिस ने आश्वस्त किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर 
दी गई हैं।