अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल, जीप कंपास, ज्वेलरी, तीन तमंचे और 22 जिंदा कारतूस बरामद; कई जिलों में चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना
सुल्तानपुर। जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत सुल्तानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना जयसिंहपुर पुलिस ने पीढ़ी टोल प्लाजा के पास हुई मुठभेड़ में सीतापुर के ₹50 हजार के इनामी बदमाश समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के अनुसार, 2/3 जुलाई की रात करीब तीन बजे पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक जीप कंपास में सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देने की नीयत से क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश भाग निकले। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन बदमाश घायल हो गए और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत चौहान (₹50 हजार का इनामी), आकाश, मिथलेश चौहान और अजय शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अनिकेत पर 52, आकाश पर 46, मिथलेश पर 26 तथा अजय पर 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 देसी तमंचे, 22 जिंदा कारतूस, लगभग ₹11 लाख नकद, एक जीप कंपास तथा चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने आसपास के कई जनपदों में लगातार चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब बरामद सामान और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से कई लंबित चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई

जारी है।