एसपी चारु निगम ने टीमों को दिखाई हरी झंडी, सत्यापन, निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए तकनीक आधारित अभियान शुरू
फर्स्ट एडिटर। सुल्तानपुर।
अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सुलतानपुर पुलिस ने ‘यक्ष ऐप’ आधारित विशेष ‘चीता दस्ता’ का गठन किया है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण की परिकल्पना एवं मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान के तहत अपराधियों का भौतिक सत्यापन, उनकी गतिविधियों की निगरानी तथा अद्यतन सूचनाओं का डिजिटल संकलन किया जाएगा।
बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह ने चीता दस्ता में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान की कार्यप्रणाली, दायित्व, अपराधियों के सत्यापन तथा यक्ष ऐप पर गुणवत्तापूर्ण सूचना फीडिंग और नियमित अपडेट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने टीमों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने सभी टीमों को हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। चीता दस्ता अब यक्ष ऐप पर दर्ज अपराधियों का भौतिक सत्यापन करेगा, उनकी वर्तमान गतिविधियों पर नजर रखेगा तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सतत निगरानी करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम के अनुसार यह विशेष दस्ता संबंधित क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में कार्य करेगा। किसी भी सर्किल में लूट, चोरी, नकबजनी या कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना होने पर चीता दस्ता तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करेगा और त्वरित कार्रवाई में सहयोग करेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह का कहना है कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल निगरानी प्रणाली के माध्यम से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। इस पहल से न केवल अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी बल्कि आमजन में सुरक्षा और भरोसे की भावना भी और अधिक सुदृढ़ होगी। यह अभियान जनपद में स्मार्ट पुलिसिंग और तकनीक आधारित कानून-व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना




जा रहा है।