अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
गोसाईगंज पुलिस ने चार दिन के भीतर पांच अभियुक्तों को दबोचा, पुरानी रंजिश में गोली मारकर हत्या का मामला
सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में चर्चित आजाद वर्मा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चारु निगम के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह एवं क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक अखण्डदेव मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को ग्राम कारीबहार मजरे जासापारा निवासी आजाद वर्मा को पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल आजाद वर्मा को इलाज के लिए केजीएमयू, लखनऊ भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के भाई बादल वर्मा की तहरीर पर गोसाईगंज थाने में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में नामजद पांच आरोपियों—रुपम पाण्डेय, सत्यम पाण्डेय, सूरज पाण्डेय, अशोक पाण्डेय तथा अनुराग पाण्डेय उर्फ अन्नू पाण्डेय—को गिरफ्तार कर लिया। इनमें तीन आरोपियों को पहले हिरासत में लिया गया था, जबकि दो अन्य को बुधवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि सभी अभियुक्तों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अखण्डदेव मिश्रा, उपनिरीक्षक अनिल सक्सेना सहित थाना गोसाईगंज की पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
की जाएगी।