अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़
लापरवाही पर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सुल्तानपुर। शनिवार को तहसील सदर में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने इसकी अध्यक्षता करते हुए आम जनता की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
इस समाधान दिवस के दौरान कुल 180 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं। राशन एवं आपूर्ति विभाग से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि बिजली विभाग के तीन एस्टीमेट जमा करने वाले आवेदनों को छोड़कर अन्य शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग के तीन मामलों का तत्काल निस्तारण हुआ, शेष मामलों के लिए मौके पर जाकर फील्ड विजिट के निर्देश दिए गए।
पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि शिकायतों के पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रशासन अब तकनीक का सहारा ले रहा है। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर बार-बार आ रही शिकायतों और आख्याओं की समीक्षा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से की जा रही है।
इस एआई मॉनिटरिंग का उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या अधिकारी बिना मौके पर जाए फर्जी या एक ही तरह की रिपोर्ट लगा रहे हैं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई लेखपाल या अधिकारी बिना स्थलीय निरीक्षण किए आख्या (रिपोर्ट) लगाता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
एक आय प्रमाणपत्र के मामले में जिलाधिकारी ने लेखपाल और आपूर्ति निरीक्षक को मंगलवार तक प्रमाणपत्र बनवाकर आवेदक को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिले में बिजली आपूर्ति और व्यवस्था सुधार पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में बिना मीटर के चल रहे 100 से अधिक कनेक्शनों पर मीटर लगाए गए हैं और विधिक कार्रवाई की गई है।
ट्रांसफार्मर और जर्जर लाइनों को बदलने के लिए 3 अगस्त तक एक नया और अतिरिक्त बिजनेस प्लान शासन को भेजा जा रहा है। आने वाले दिनों में, अधिक विवाद वाले चिन्हित गांवों में एडीएम और एसडीएम स्तर के अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर मामलों के निस्तारण का शेड्यूल भी जारी किया जाएगा।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, तहसीलदार सदर दुर्गेश यादव, नायब तहसीलदार धर्मेन्द्र यादव, प्रभात चंद्र पाण्डेय समेत राजस्व विभाग के अधिकारी एवं सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर अखण्ड देव मिश्रा, धर्मवीर सिंह,प्रवीन कुमार, सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, बीएसए उपेन्द्र गुप्ता, ईओ नगर पालिका परिषद लाल चन्द्र सरोज, एक्सइएन अश्वनी कुमार वर्मा,एसडीओ सदर खूब लाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचा


री उपस्थित रहे।