अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
08, 09 और 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, सॉल्वर गैंग और अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी विशेष नजर
सुलतानपुर, 05 जून। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने की, जिसमें परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में 08, 09 एवं 10 जून को प्रस्तावित भर्ती परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि, अफवाह या परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने वाले प्रयासों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कहा कि परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग, फर्जी अभ्यर्थियों तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर एलआईयू और पुलिस की विशेष नजर रहेगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक के दौरान एडीएम प्रशासन रत्नप्रिया, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह,एसडीएम सदर उत्तम तिवारी, प्रीति जैन, सीओ साइबर आलोक सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी 

मौजूद रहे।