अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुरक्षा, पारदर्शिता और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सुलतानपुर, 09 जून 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी सुलतानपुर इंद्रजीत सिंह तथा पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाएं, विद्युत आपूर्ति, पेयजल सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित कर्मचारियों को परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने तथा शासन के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए। प्रशासन और पुलिस विभाग ने भरोसा दिलाया कि भर्ती परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली ग

ई हैं।