

अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
डेढ़ लाख जायरीन पहुंचने का दावा, दंगल व लंबी कूद प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र; महिला पहलवानों ने भी दिखाया दमखम
सुलतानपुर। शहर के गोमती नदी किनारे स्थित पांचोपीरन ग्रामसभा में दरगाह पांचोपीरन शरीफ वक्फ नंबर 851 का 846वां सावनी मेला आस्था, अकीदत और आपसी भाईचारे के रंग में सराबोर नजर आया। मेले में सुलतानपुर के अलावा आसपास के जिलों, दूर-दराज के क्षेत्रों तथा दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। आयोजकों ने करीब डेढ़ लाख जायरीनों के पहुंचने का दावा किया। पूरे मेला क्षेत्र में दिनभर रौनक और चहल-पहल बनी रही।
मेले में लगी विभिन्न दुकानों और स्टालों पर भीड़ उमड़ी रही। बच्चों और परिवारों ने खरीदारी के साथ मेले का आनंद लिया। आयोजकों के मुताबिक सावनी मेला लंबे समय से चली आ रही परंपरा और गंगा-जमुनी तहजीब व आपसी भाईचारे की मिसाल है।
मेले में आयोजित लंबी कूद प्रतियोगिता में रहबर सुलतानपुर ने पहला स्थान हासिल किया। सोम धुरिया प्रतापगढ़ दूसरे और नीरज यादव मोतिगरपुर तीसरे स्थान पर रहे। महिला कुश्ती में ज्योति दिल्ली और आशु गाजियाबाद ने शानदार दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
दंगल में शाकिर नूर मेरठ और अनिल यादव बनारस पहलवान के बीच आखिरी कुश्ती खास आकर्षण रही। कमेटी की ओर से 21 हजार रुपये का पुरस्कार रखा गया था। रोमांचक मुकाबले में शाकिर नूर पहलवान ने शानदार दांव-पेंच दिखाते हुए जीत दर्ज की।
शासन-प्रशासन की तरफ से सुरक्षा एवं यातयात की दृष्टि से कड़ी व्यवस्था की गई थी। मेले के दौरान नगर कोतवाल इंस्पेक्टर सुरेश नारायण मिश्रा, कूरेभार थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर यूपी सिंह, प्रदीप कुमार, अशोक कुमार वर्मा, यातायात प्रभारी निरीक्षक राम निरंजन, सब इंस्पेक्टर परवेज़ आलम, काज़ी हुज़ूर आलम समेत कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मी मुस्तैद रहे।
दरगाह के सचिव रिजवान अहमद ने बताया कि मेले में बाहर से आने वाले जायरीनों का कमेटी की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के भी इंतजाम किए गए। इस अवसर पर मुतवल्ली अकबर अली, नूर मोहम्मद, गुलाम हुसैन, महमूद अहमद, अयाज अहमद, जीशान खान, परवेज, जुबेर अहमद, कुश्ती संचालक रमजान पहलवान समेत कमेटी के सैकड़ों सदस्य







मौजूद रहे