अफ़्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
संवेदनशील क्षेत्रों और कुर्बानी स्थलों का निरीक्षण, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
सुल्तानपुर।आगामी गंगा दशहरा एवं बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। उपजिलाधिकारी सदर उत्तम तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त ने भारी पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर पैदल गश्त एवं रूट मार्च किया। अधिकारियों ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों सहित प्रमुख मार्गों और कुर्बानी स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को कुर्बानी स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई, चूने का छिड़काव और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार गश्त करने के निर्देश भी दिए गए।
रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर दोनों पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की

जाएगी।